नई दिल्ली। दिल्ली में चलने वाली बसों में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए 29 अक्टूबर से बस मार्शलों की संख्या बढ़कर करीब 13000 हो जाएगी। फिलहाल 3,400 मार्शल बसों में तैनात हैं। इसके साथ ही महिलाएं दिल्ली की बसों में मुफ्त में सफर भी कर सकेंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 28 अक्टूबर को दी। उन्होंने कहा- कल भाई दूज का शुभ दिन है और कल हमारी बसों में मार्शलों की संख्या बढ़कर करीब 13000 हो जाएगी। इसके साथ ही हम दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सीएम केजरीवाल ने कहा- कुल 13,000 मार्शल बसों में बीमार की मदद भी करेंगे एवं अन्य किसी भी आपात स्तिथि से निपटेंगे। मुझे नहीं लगता कि हमने जिस स्तर पर बस मार्शलों की संख्या बढ़ाई है, ऐसा दुनिया के किसी और शहर में हुआ होगा। दिल्ली के दो करोड़ लोग हमारे परिवार की तरह हैं। बताते चलें कि दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल का यह दांव महिला मतदाताओं को लुभाने वाला है। दिल्ली में पहले सिर्फ इवनिंग शिफ़्ट ही मार्शलों की तैनाती की गई थी।

बताते चलें कि आम आदमी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी दिल्ली की बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मार्शल की तैनाती का वादा किया था। दिल्ली सरकार के मुताबिक, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के अलावा होमगार्ड और राज्य सैनिक बोर्ड के पूर्व सैनिकों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा। बीते दिनों ही केजरीवाल ने 100 क्लस्टर बसों को हरी झंडी दिखाई, जिसमें पैनिक बटन के साथ सीसीटीवी कैमरे लगे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *