नई दिल्ली । दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी हो गई है। उनके स्थान पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को दिल्ली भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। लगभग दो साल बाद दिल्ली में नगर निगम का चुनाव होना है। माना जा रहा है कि पार्टी ने इस बात को ध्यान में रखकर गुप्ता को दिल्ली का जिम्मा सौंपा है। इसके साथ ही कारोबारियों को पार्टी के साथ जोड़े रखने में भी मदद मिलेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति जीवन की शुरुआत करने वाले गुप्ता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा और भाजपा में कई पद पर रह चुके हैं। चुनावी राजनीति की शुरुआत उन्होंने सिर्फ तीन साल पहले की है। साल 2017 में वेस्ट पटेल नगर से पहली बार नगर निगम का चुनाव जीतकर आदेश गुप्ता पार्षद बने। 2018 में उनको उत्तरी दिल्ली नगर निगम का महापौर बनाया गया। विधानसभा चुनाव के पहले आदेश गुप्ता को दिल्ली में बंगाली समाज को पार्टी के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले नवंबर 2016 में मनोज तिवारी को दिल्ली भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। तब से वे प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पार्टी का कामकाज देख रहे थे।
ऐसा है आदेश गुप्ता का राजनीतिक सफर
साल 2017में वह पहली बार पार्षद बने।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यालय में धमेंद्र प्रधान के समय कार्यालय मंत्री के पद पर रहे।
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश कोहली के वक्त कार्यालय मंत्री रहे।
छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विस्तारक और पूर्णकालिक रहे।
भाजपा के करोलबाग जिले में उपाध्यक्ष के पद पर रहे।
साल 1995 में रोजगार की तलाश में यूपी से दिल्ली आए थे।
ट्यूशन पढ़ाकर अपनी आजीविका चलाई।
आदेश गुप्ता की प्राथमिकताएं
उत्तरी निगम की खस्ता आर्थिक हालत को दुरुस्त कर उसे आत्मनिर्भर बनाना
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हर घर को स्वच्छता अभियान से जोड़ना
निगम के पार्को की हालत को दुरुस्त करना और पार्किग व्यवस्था को ठीक करना
