इंदौर। शहर में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट वाय-4 मिला है। सात मरीजों में इसकी पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों का माना है कि यह पुराने वैरिएंट से ज्यादा तेजी से फैल सकता है। जानकारी के अनुसार इंदौर से सितंबर माह में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सात सैंपल में वैरिएंट आफ कंसर्न मिला है। सात में से छह सैंपल में डेल्टा वेरिएंट का सब लाइनएज वर्जन एवाय-4 मिला है। वहीं एक वैरिएंट बी-1.617.2इ मिला है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 44 फीसद लोगों में इन्हीं वैरिएंट के कारण संक्रमण फैला था। 9 सितंबर से 21 सितंबर के बीच भेजे गए तीनों सीक्वेंसिंग के सैंपल में पांच पुरुषों के और दो महिलाओं के सैंपल लिए गए थे। इनमें महू आर्मी के जवानों के अलावा तिरुपति से घूम कर आए पलासिया के एक परिवार के सदस्यों के सैंपल भेजे गए थे जिसमें यह वैरिएंट मिला है।
शहर में 700 से अधिक हुए डेंगू के मरीज, अब तक सर्वाधिक
इंदौर शहर में शनिवार को डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 700 के पार हो गया। शनिवार को जिले में डेंगू के 17 नए मरीज मिले। इनमें 12 पुरुष व पांच महिलाएं शामिल हैं। 17 मरीजों में आठ बच्चे हैं। इस तरह इंदौर में अब तक डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 712 पहुंच गया है, जो पिछले वर्षों में सर्वाधिक है। जिले में अब तक 427 पुरुष व 285 महिलाएं डेंगू संक्रमित पाई गई हैं। 712 मरीजों में 162 बच्चे शामिल हैं। अभी भी शहर के अस्पतालों में डेंगू व वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और काफी संख्या में मरीज भर्ती भी हैं। जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक, वर्तमान में 15 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
