देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हाई रिस्क देशों से लौटे अब तक 15 यात्रियों को LNJP हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन भर्ती लोगों में से 9 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 6 लोगों में गले में खराश, बुखार जैसे लक्षण सामने आए हैं। शुक्रवार को संदिग्ध मरीजों की संख्या 12 थी। इसके बाद 3 नए मरीज ब्रिटेन से आने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट 4-5 दिन में आने की उम्मीद है। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही दिल्ली सरकार ने LNJP को ओमिक्रॉन संक्रमितों के इलाज के लिए रिजर्व किया था।
दिल्ली में पहला ओमीक्रॉन पॉजिटिव मरीज मिला है। जानकारी के अनुसार ये यात्री 2 दिसंबर को तंजानिया (Tanzania) से दिल्ली आया था और उसे कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 12 संक्रमित मरीजों के सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग (Genome Sequencing) के लिए भेजे गए थे, जिनमें से एक मरीज़ की रिपोर्ट में Omicron वैरिएंट पाया गया है। इस तरह भारत में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित 5 मरीज मिल चुके हैं। इनमें कर्नाटक से 2 जबकि दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात से 1-1 मरीज मिला है। कर्नाटक में मिले मरीजों में हल्के लक्षण पाए गये हैं और दोनों ही दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। शनिवार को गुजरात में भी 72 साल के एक मरीज में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। ये मरीज जिम्बाब्वे से लौटा था। वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई में भी साउथ अफ्रीका और दुबई से होते हुए भारत आया एक शख्स में ओमिक्रॉन का संक्रमण मिला है।
उधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक कार्यक्रम में सवाल-जबाव के दौरान माना कि ये ऑमिक्रॉन वेरिएंट ज्यादा तेजी से फैल रहा है। लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि अभी तक ओमीक्रोन से किसी की मौत की खबर नहीं मिली है। इसके अलावा दुनिया के कई देशों में डेल्टा वेरिएंट पहले से ही तबाही मचा रहा है। ऐसे में किसी देश में दोनों वेरिएंट के फैलने के क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। WHO ने अंदेशा जताया कि यूरोप के आधे अधिक कोविड के मामले ओमिक्रॉन के हो सकते हैं।
