बड़वानी /बड़वानी जिले में अपने सुधिर्ग चिकित्सा सेवाओं के लिए जाना, जाने वाला आशाग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित आशा चिकित्सालय वर्षों से जनआशा का केंद्र रहकर आम जनता को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते आ रहा है। जिसे कोरोना आपदा के दौरान भी आमजन ने भली-भांति देखा परखा है। यह अब पुनः जरूरतमंद लोगों के लिए सामान्य चिकित्सालय की भांति 10 सितंबर से संचालित होगा ।
उक्त बातें कलेक्टर बड़वानी एवं आशाग्राम ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री शिवराज सिंह वर्मा ने आशा चिकित्सालय में आयोजित चिकित्सकों की बैठक में कहीं। उन्होंने कोरोना त्रासदी के दौरान चिकित्सकों के द्वारा दी गई सेवाओं के लिए जहां उनकी प्रशंसा की । वहीं उन्होंने चिकित्सकों से जनजाति बाहुल्य जिले के चिकित्सा सेवा केंद्र पर समर्पण एवं सेवा भाव के साथ सेवाएं प्रदान करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा ने आशा चिकित्सालय में दी जा रही सेवाओं को मानक एवं कम दर पर उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सकों से सुझाव प्राप्त किए तथा 10 सितंबर को इस चिकित्सालय के शुभारंभ की घोषणा की।

चिकित्सालय में श्री शब्बीर यूनिटी एवं डॉक्टर जगदीश यादव के समन्वय से लैब की जांच जहां कम दर पर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है वही मेडिकल स्टोर्स पर मिलने वाली दवाई भी 10 प्रतिशत छूट के साथ मरीजों को प्रदान की जाएगी । इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री घनश्याम धनगर, पूर्व सिविल सर्जन डॉ आरसी चोयल, नगरपालिका के सीएमओ श्री कुशल सिंह डोडवे, महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री अजय गुप्ता, शासकीय – अशासकीय चिकित्सकगण आदि उपस्थित थे।
