भारत में कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल यानी बेकाबू होता जा रहा है। हर दिन रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ केस आ रहे हैं। इस बीच, ताजा खबर संसद से है। लोकतंत्र के मंदिर कही जाने वाली भारतीय संसद के 400 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसमें स्टार और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। बीते दिनों इनका टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट अब आई। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट के 4 जज संक्रमित पाए गए हैं। अब तक सुप्रीम कोर्ट से जुड़े करीब 150 कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कोरोना इस बार डॉक्टरों पर हमलावर है। मुंबई समेत महाराष्ट्रक के कई बड़े अस्पतालों के डॉक्टर संक्रमित हुए हैं। मुंबई के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक जेजे अस्पताल के 100 डॉक्टरों में कोरोना पाया गया है।
24 घंटे में कोरोना के कितने केस
भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,59,632 नए केस दर्ज हुए हैं। इस दौरान 327 मरीजों की मौत हुई है। वहीं 40,863 मरीज रिकवरी भी हुए हैं। इस तरह भारत में अभी कोरोना की पॉजिटिविटी दर 10.21% हो गई है। अभी देश में 5,90,611 एक्टिव केस हैं। कुल 3,44,53,603 मरीज ठीक हो चुके हैं। मृतकों का कुल आंकड़ा 4,83,790 है।
भारत में ओमिक्रोन के कितने केस
देश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के केस 3,623 पहुंच गए हैं। इनमें से 1409 ठीक हो चुके हैं। कुल 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रोन फैल गया है।
नड्डा के बाद अब अमित शाह का भी बंगाल दौरा रद्द
कोलकाताः बंगाल में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। इसके मद्देनजर अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बंगाल दौरा रद कर दिया गया है। प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। शाह इसी महीने बंगाल के दौरे पर आने वाले थे। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी अपना दौरा रद कर चुके हैं।
अगले 10 दिन बहुत भारी, जानिए कहां–कहां पीक पर पहुंच जाएगा कोरोना
देश में कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है और रोज रिकॉर्ड संख्या में केस आ रहे हैं। हर तरफ चिंता के साथ ही यह सवाल भी है कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर कब खत्म होगी? जानकार बताने लगे हैं कि कोरोना की तीसरी लहर कब अपने चरम पर होगी। आईआईटी कानपुर ने इस बारे में अनुमान जारी किया है। कहा गया है कि देश में अगले 10 दिन बहुत भारी पड़ने वाले हैं। इसी दौरान कोरोना की तीसरी लहर अपने पीक पर पहुंचेगी। सबसे ज्यादा खतरा दिल्ली और मुंबई में है। पीक के दौरान देश में 4 से 8 लाख केस रोज आ सकते हैं। फरवरी में ऐसे ही हालात बने रहेंगे और फिर मार्च में केस घटना शुरू हो जाएंगे।
IT- कानपुर के वैज्ञानिक मनिंद्र अग्रवाल के अनुसार, भारत में COVID-19 की तीसरी लहर का चरम जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में आ सकता है मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में इस महीने के मध्य तक बहुत जल्दी चरम पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा, फिलहाल भारत के लिए भविष्यवाणी करना अधिक कठिन है क्योंकि इसका कोई सटीक मॉडल उपलब्ध नहीं है, लेकिन मुंबई और दिल्ली को लेकर अनुमान है कि जनवरी के अंत में यहां पीक होगा। तब इन दोनों महानगरों में 30 हजार से 60 हजार केस आएंगे।
