योगेंद्र शर्मा। सितारे आपके भविष्य की राह तय करते हैं और उनके बुलंद होने से इंसान की जिंदगी सफल होती है। पिछले साल में आपने अपनी जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव देखे होंगे और कुछ जिदंगी को सफल बनाने के सबक भी सीखे होंगे। आने वाले साल 2020 में कुंडली के ग्रह आपकी जिंदगी को संवारेंगे या दिक्कत देंगे? ऐसी कई बातों का आपको आने वाले साल में सामना करना पड़ेगा।

राहु का नाम सुनते ही जनसामान्य में थोड़ी बैचेनी बढ़ जाती है। अक्सर यह माना जाता है कि राहु मानव जीवन में बुरा असर देते हैं, लेकिन हकीकत यह भी है कि यदि राहु मेहरबान हो जाए तो इंसान की किस्मत में चार चांद लग जाते हैं और उसकी जिंदगी की कई दिक्कतें दूर हो जाती है। राहु का अच्छा प्रभाव जातक को राजनीति के क्षेत्र में सफलता दिलाने के साथ सामाजिक स्तर पर प्रभुत्व में वृद्धि कर मान-सम्मान दिलवाता है।

साल 2020 में साल की शुरूआत से राहु मिथुन राशि में रहेगा और 23 सितंबर 2020 के बाद अपनी स्थिति बदलेगा। 23 सितंबर को सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर राहु मिथुन से वृषभ राशि में गोचर करेगा। अब हम बात करते हैं साल 2020 में विभिन्न राशियों पर राहु के होने वाले असर की।

मेष

मेष राशि में राहु का गोचर मिथुन राशि यानि तीसरे भाव में रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में तीसरे भाव को पराक्रम भाव भी कहा जाता है। राहु का साल 2020 में यह गोचर शुभ फलदायी रहेगा। इस दौरान इस राशि वाले जातकों के साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। इस दौरान काफी ऊर्जावान रहेंगे और बगैर किसी की मदद से अपने बलबूते कई बड़े कार्यों कोअंजाम देंगे। खेल से जुड़े लोगों को उपलब्धि हासिल होगी। सितंबर महीने तक धन की प्राप्ति बेहतर रहेगी। वैवाहिक जीवन में कुछ गलतफहमियां हो सकती है। सितंबर के बाद वाणी संयम जरूरी है।

वृषभ

राहु का गोचर वृषभ राशि में दूसरे भाव यानि धन भाव में हो रहा है। इस दौरान आपको धन से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतना होगी। इस साल आपको अपने फिजूल खर्चों पर लगाम लगाना होगी। वाणी संयम जरूरी है नहीं तो रिश्तों के टूटने की नौबत आ सकती है। कार्यक्षेत्र में अपने काम पर ध्यान दें, नहीं तो अहम की वजह से नुकसान हो सकता है। सितंबर के बाद राहु के राशि परिवर्तन से गलतफहमियां होगी और इस वजह से मानसिक तनाव भी हो सकता है।

मिथुन

मिथुन राशि में आने वाले साल में राहु का गोचर परेशानियों को लेकर आ रहा है। साल की शुरुआत के साथ दिक्कतों का सिलसिला शुरू हो सकता है। इसकी वजह से भ्रम की स्थिति बनेगी और मानसिक तनाव रहेगा। कारोबार में संभलकर रहें, धोखा होने की संभावना है। इस साल राहु यात्रा के योग बना रहा है। साल के मध्य में परिवार में कोई मांगलिक प्रसंग होने की संभावना है। पिता के साथ संबंधों को बेहतर बनाएं, नहीं तो इसका फायदा कोई उठा सकता है। जीवनसाथी के साथ इस साल संबंधों में तनाव आ सकता है। सितंबर के बाद से स्थितियों के सुधरने की संभावना है।

कर्क

कर्क राशि में भी इस साल राहु की स्थिति ठीक नहीं कही जा सकती है। इस साल इस राशि में राहु बारहवें भाव में रहेगा। इसकी वजह से इस राशि के जातकों को मानसिक तनाव के दौर से गुजरना पड़ सकता है। विदेश जाने की हसरत दिल में पाले लोगों के लिए राहु का यह गोचर शुभ परिणाम देगा। शादीशुदा लोगों के लिए यह साल अच्छा रहेगा। जीवनसाथी से कोई उपलब्धि प्राप्त हो सकती है। रुके हुए धन की वापसी हो सकती है। सितंबर के बाद राहु के गोचर से धन लाभ होगा।

सिंह

इस साल राहु आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में रहेगा। राहु की यह स्थिति आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत दे रही है। इस समय प्राप्त हुआ धन भविष्य के काम आएगा। कामकाज में ज्यादा समय देने से परिवार को समय नहीं दे पाएंगे, जिससे जीवनसाथी के साथ संबंध तनावपूर्ण हो सकते हैं। प्रेम संबंधों के लिए यह साल अच्छा है। साल के मध्य में कोई आपके जीवन में दस्तक दे सकता है। सितंबर में राहु का गोचर कुछ भ्रंम की स्थितियां बना सकता है।

कन्या

इस साल राहु का गोचर आपकी राशि से दसवें भाव में रहेगा। साल 2020 में राहु की यह स्थिति आपके लिए ठीक नहीं है। किसी भी नए काम की शुरूआत से बचना चाहिए। राहु की यह दशा नुकसान के संकेत दे रही है। कार्यक्षेत्र में भी दिक्कतें रहेगी, जिससे तनाव बना रहेगा। ऑफिस में सहयोगियों के साथ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इस दौरान आपको जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। संतान की वजह से समस्या हो सकती है। आध्यात्म की ओर रुझान रहेगा और धार्मिक यात्रा के योग है।

तुला

साल 2020 में तुला राशि में राहु का गोचर नौवें भाव में रहेगा। राहु का यह गोचर इस साल तुला राशि वालों को दिक्कतें देगा। बनते-बनते काम बिगड़ेंगे और कार्यों में सफलता के योग काफी कम रहेंगे। संतान की वजह से भी इस साल तनाव बना रहेगा। पिता के साथ मतभेद होने की संभावना है। धार्मिक यात्रा पर जाने को योग बन रहे हैं। सितंबर के बाद राहु की वजह से सफलता मिलने लगेगी। इस समय विदेश यात्रा के योग बन सकते हैं। रिसर्च के काम में मन लगेगा।

वृश्चिक

वृश्चिक राशि में साल 2020 में राहु का गोचर आठवें भाव में रहेगा। राहु की यह स्थिति इस राशि वालों को लिए शुभ रहेगी। लंबे समय से जिस काम को कर रहे हैं उसमें अब आपको सफलता मिलेगी। नौकरी में अधिकारी आपके काम से खुश रहेंगे और इस साल प्रमोशन का आशा की जा सकती है। आर्थिक लाभ भी होगा। परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा के योग बन रहे हैं। सितंबर के बाद कुछ सावधानी बरतने की जरूरत है। इस समय जीवनसाथी के साथ तनाव हो सकता है।

धनु

धनु राशि में साल 2020 में राहु का गोचर सातवें भाव में रहेगा। इस साल आर्थिक मामलों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। कारोबार को लेकर सावधान रहे। किसी पर भी जरूरत से ज्यादा भरोसा करना तकलीफ दे सकता है। बुरी संगत वाले दोस्तों से दूरी बनाकर रहें। इस साल वैवाहिक जीवन में दिक्कत दिखाई दे रही है। यदि कोई कानूनी मसला चल रहा है तो उसका फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। सितंबर से राहु अच्छे परिणाम देगा और शत्रु परास्त होंगे।

मकर

साल 2020 में मकर राशि में राहु का गोचर छठे भाव में हो रहा है। मकर राशि वालों पर इस साल राहु की मेहरबानी रहेगी। जो छात्र परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उनको अच्छी सफलता मिलेगी। कर्ज से जुड़े मामलों का समाधान हो सकता है। यदि कोई पुराना विवाद चल रहा है तो राहु के कारण आपको इससे छुटकारा मिलेगा, लेकिन वैवाहिक जीवन के लिए राहु का गोचर शुभ नहीं है। कार्यस्थल पर भी इस साल संभल कर काम करने की जरूरत है।

कुंभ

साल 2020 में कुंभ राशि में राहु का गोचर पांचवे भाव में हो रहा है। राहु का यह गोचर शिक्षा के लिए ठीक नहीं है। इस साल आपको शिक्षा के क्षेत्र में दिक्कत आ सकती है। नकारात्मक विचारों से घिरे रहेंगे इससे मानसिक तनाव हो सकता है। वैवाहिक जीवन में किसी तीसरे के प्रवेश से रिश्तों में खटास आ सकती है। कार्यक्षेत्र के लिए राहु की स्थिति अच्छी है। प्रमोशन होगा और साथ ही वेतनवृद्धि के भी योग हैं। परिवार के साथ समय बिताने से रिश्ते बेहतर होंगे।

मीन

मीन राशि में साल 2020 में राहु का गोचर चौथे भाव में होगा। राहु का यह गोचर रिश्तों में तनाव पैदा करेगा। राहु की यह स्थिति माता से रिश्तों को खराब करवा सकती है। आपकी लापरवाही की वजह से कुछ फिजूल के खर्चे होने की संभावना है। आ्रथिक स्थिति भी इस साल ठीक नहीं रहेगी, इसकी वजह से जीवनसाथी के साथ तनाव हो सकता है। कारोबार से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें। सितंबर से राहु के राशि परिवर्तन से समस्याओं से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *