बड़वानी /एसडीएम बड़वानी श्री घनश्याम धनगर ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बड़वानी श्री भोलाराम मण्डलोई को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चिकल्या के प्रबंधक ध्रुव कुमार एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान चिकल्या के विक्रेता रवि राठौड़ के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये है।
साथ ही एसडीएम बड़वानी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 16 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चिकल्या के भौतिक सत्यापन के दौरान गेहूं 61953 किलोग्राम कम पाये जाने पर 3000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 18 लाख 58 हजार 590 रुपये की राशि, चावल 12341 किलोग्राम कम पाये जाने पर 4000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 4 लाख 93 हजार 640 रुपये, ज्वार 5172 किलोग्राम कम पाये जाने पर 3000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 1 लाख 55 हजार 160 रुपये, नमक 244 किलोग्राम कम पाये जाने पर 1500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 3660 रुपये, शक्कर 51 किलोग्राम कम पाई जाने पर 4500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 2565 रुपये की राशि, केरोसीन 1408 लीटर कम पाये जाने पर 77 रुपये प्रति लीटर के मान से 1 लाख 8 हजार 416 रुपये, इस प्रकार कुल 26 लाख 22 हजार 31 रुपये की राशि शासकीय मद में जमा करने हेतु आदेशित किया है।
एसडीएम कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम चिकल्या के ग्रामीणों से प्राप्त शिकायत के आधार पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा उचित मूल्य दुकान चिकल्या एवं आदिम जाति सहकारी समिति चिकल्या का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकान पर अनियमितता पाई गई, उचित मूल्य दुकान पर पीओएस मशीन से राशन का वितरण नही किया जा रहा था, बल्कि पंजी के माध्यम से राशन का वितरण किया जा रहा था। उपभोक्ताओं द्वारा बताया गया कि विक्रेता मशीन पर अंगूठे पहले लगवा लेता है और राशन बादे में देतो है। बाद में विक्रेता द्वारा कुछ को राशन का वितरण किया जाता है और कुछ को नही किया जाता। जांच के समय दुकान पर स्टाक पंजी व बिक्री पंजी उपलब्ध नही पाई गई। आदिम जाति सहकारी समिति चिकल्या के भौतिक सत्यापन करने पर पोर्टल पर दर्ज सामग्री का सत्यापन करने पर गेहंू 61953 किलोग्राम, चावल 12341 किलोग्राम, ज्वार 5172 किलोग्राम, नमक 244 किलोग्राम, शक्कर 57 किलोग्राम कम मात्रा में पाई गई तथा केरोसीन 1408 लीटर कम मात्रा में पाया गया।
इस पर एसडीएम बड़वानी श्री घनश्याम धनगर द्वारा विक्रेता एवं प्रबंधक को शोकाज नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। उनके द्वारा दिये गये जवाब से संतुष्ट नही होने पर एसडीएम द्वारा उक्त कार्यवाही की गई है।
