बुरहानपुर / कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज से मध्य प्रदेश में बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से शुरू हो होकर दरियापुर होते हुए सेंट जेवियर स्कूल जैनाबाद फाटक पहुंची। स्कूल में चार बजे तक विश्राम करने के बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। राहुल गांधी ने कहा कि देश से डर, नफरत, बेरोज़गारी और महंगाई को ख़त्म कर, हम न्याय का हिंदुस्तान बनाएंगे। आज, भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से होती हुई मध्य प्रदेश पहुंच गई है। और, इस तिरंगे को श्रीनगर में लहराने से हमें कोई ताकत नहीं रोक पाएगी।प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर लिखा कि आज से भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है। देशवासियों के समर्थन से राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रेम व प्रगति का कारवां मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

बुरहानपुर के करीब स्कूल में रुकी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी ने यात्रा शुरू करने से पहले बोदरली बस स्टैंड पर मंच से कहा कि इस प्यार और स्नेह के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। जब यात्रा शुरू की थी तो विपक्ष ने कहा था इतने बड़े देश को पैदल नहीं नापा जा सकता। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह डर फैला कर हिंसा करते हैं। युवाओं में बेरोजगारी का डर मजदूरों में मनरेगा के तहत काम ना देकर डर और किसानों को उपज का सही मूल्य न देकर डर फैलाते हैं।

बुरहानुपर के दरियापुर गांव में राहुल गांधी के स्वागत में आदिवासी नृत्य करते ग्रामीण।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश अग्रवाल, छिंदवाड़ा से सांसद नकुल नाथ सहित सभी विधायक यात्रा में शामिल हो रहे हैं। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी इसमें शामिल होने के लिए बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24-25 नवंबर को यात्रा में राहुल गांधी के साथ रहेंगी। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने राष्ट्रीय ध्वज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को सौंपा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मेहमाननवाजी में आगे रहता है। उम्मीद करता हूं कि मध्य प्रदेश की यात्रा ऐतिहासिक होगी।
