गुजरात में पहले चरण का मतदान जारी है। कुल 182 सीटों में से 89 पर आज 788 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। मतदान कहीं तेज, तो कहीं धीमा हो रहा है। अधिकांश स्थानों पर लंबी कतारें नजर आ रही हैं। 9 बजे तक सभी 89 सीटों पर औसत 4.52% मतदान।  जिन 89 सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां पिछली बार भाजपा को 48 और कांग्रेस को 40 सीटें मिली थीं।

प्रथम चरण में 39 राजनीतिक दल व निर्दलीय समेत 788 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 70 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।मुख्य चुनाव अधिकारी पी भारती के अनुसार प्रथम चरण में करीब 2 करोड 40 लाख मतदाता 89 सीटों पर 788 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इस चुनाव में 18 से 19 वर्ष की उम्र के 5 लाख 75560 मतदाता पहली बोर वोट डालेंगे। जबकि 99 वर्ष से अधिक उम्र के 4945 मतदाता हैं। 163 प्रवासी भारतीय भी मतदान का उपयोग करेंगे। इस चुनाव में 1 करोड 24 लाख 33362 पुरुष तथा 1 करोड 15 लाख 42811 महिला मतदाता व 497 ट्रांसजेंडर 19 जिले के 25430 मतदान केंद्रों पर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।

राज्य में पहली बार 611 सखी मतदान केंद्र बनाए गये हैं जिनका संपूर्ण संचालन महिला कर्मचारियों के हाथ में होगा इसके अलावा 89 मॉडल मतदान केंद्र तथा 89 दिव्यांग संचालित मतदान केंद्र होंगे। मतदान प्रक्रिया से कुल 1 लाख 6963 अधिकारी व कर्मचारी जुड़े हैं, इनमें 27978 पीठासीन अधिकारी तथा 78985 पोलिंग स्टाफ होगा।

एक मतदाता के लिए मतदान केंद्र

गीर सोमनाथ जिले के सासण गीर में बाणेज गांव में एक मात्र मतदाता हैं महंत किरीट बापू। पोलिंग स्टाफ 30 नवंबर शाम को आश्रम पर आकर ठहर जाएगा, तथा सुबह नास्ता – पानी करके मतदान केंद्र की तैयारी में जुट जाएगा। 2002 में भरत दास महाराज ने मतदाता सूची में अपना नाम पंजीक्रत कराया था, 2007 में उनके लिए सासण से 40किमी दूर बाणेज गांव में मतदान केंद्र बनाया गया। भरत दास 2019 में निधन हो गया अब महंत किरीट बापू इस केंद्र पर मतदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *