दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों को लेकर मतदान संंपन्न हो चुका है और आम आदमी पार्टी (AAP) ने 134 सीटों के साथ जीत हासिल कर ली है। 250 वार्डों वाली MCD में बहुमत का जादुई आंकड़ा 126 है, जिसे आम आदमी पार्टी ने हासिल कर लिया है। बीजेपी को 104 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 9 सीटों पर कामयाबी मिली है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है।

इस बीच अरविंद केजरीवाल पार्टी दफ्तर पहुंच कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.।सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘सबसे पहले दिल्ली के लोगों को बहुत बहुत बधाई। इतनी बड़ी शानदार जीत और परिवर्तन के लिए बधाई और शुक्रिया। आज लोगों ने दिल्ली की सफाई करने भ्रष्टाचार दूर करने और पार्कों को ठीक करने की जिम्मेदारी दी। मेरी पूरी कोशिश रहेगी रात दिन मेहनत करूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘BJP, कांग्रेस निर्दलीय सबको बधाई, जो हारे हैं निराश ना हो। हम सबको मिलकर दिल्ली को ठीक करेंगे। मैं BJP कांग्रेस सबका सहयोग चाहूंगा। सभी 250 पार्षद मिलकर दिल्ली को ठीक करेंगे। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का भी आशीर्वाद चाहिए।

अब गुजरात और हिमाचल प्रदेश की बारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, वोटों की गिनती का काम अलग-अलग सेंटर में गुरुवार सुबह 8 बजे शुरू होगा। पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम खुलेंगी। 9 बजे तक पहला रुझान आ जाएगा। माना जा रहा है कि दोपहर तक दोनों राज्यों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसी दिन 1 लोकसभा और 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों के उपचुनावों की भी मतगणना होगी। ये परिणाम देश की राजनीति पर असर डालेंगे।

गुजरात में विधानसभा की कुल 182 सीट हैं और यहां सरकार बनाने के लिए 92 सीटों की दरकार होती है। भाजपा 27 सालों से सत्ता में हैं और इस बार भी सरकार बनाती है तो पार्टी पश्चिम बंगाल में सीपीआई-एम के लगातार चुनाव जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगी। एग्जिट पोल में भाजपा की प्रचंड जीत का अनुमान लगाया गया है। वहीं हिमाचल में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं और यहां बहुमत का आंकड़ा 35 है। अभी यहां भाजपा की सरकार है। हिमाचल चुनावों का 35 सालों का इतिहास बताता है कि यहां किसी पार्टी की सरकार रिपीट नहीं हुई है। एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान है।

उपचुनाव परिणाम पर भी रहेगी नजर

गुजरात और हिमाचल प्रदेश के साथ ही एक लोकसभा उपचुनाव और पांच राज्यों की 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के लिए भी मतगणना होगी। जिन सीटों के उपचुनाव नतीजों पर देश की नजर रहेगी उनमें मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही आजमगढ़ विधानसभा सीट शामिल है। इनके अलावा यूपी की खतौली विधानसभा सीट, ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहार की कुरहानी और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट का परिणाम भी घोषित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *