भाजपा की ओर से प्रदेश के 1093 मंडलों में 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से एक साथ सम्मेलनों का आयोजन करेगी। सभी 12 हजार शक्ति केंद्रों पर होने वाले इन सम्मेलनों में पार्टी का पूरा नेतृत्व, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। हर बूथ पर पार्टी नेतृत्व की उपस्थिति में कार्यकर्ता प्रचंड बूथ विजय की प्रतिज्ञा लेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इन सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को ‘संपदा’ (सम्मान, पहचान, दायित्व) कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करने की रणनीति और माइक्रो मैनेजमेंट प्लान बनाएंगे। बीते दो सालों में मध्य प्रदेश में संगठन के सुदृढ़ीकरण और बूथ सशक्तीकरण के लिए सभी 64,523 बूथों पर अभियान चलाए गए।

इसके साथ ही संगठन में आधुनिक तकनीक समावेश की दृष्टि से बूथों के डिजिटाइजेशन का काम भी किया गया और कार्यकर्ताओं ने बूथ विजय का संकल्प भी लिया। अब मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर पार्टी कार्यकर्ता एक बार फिर मैदान में उतरने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2023 का चुनाव हर बूथ पर लड़ा जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता ’’सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’’ के मंत्र को नीचे तक पहुंचाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे।

कार्यकर्ता मध्य प्रदेश को देश का नं.-1 राज्य बनाने, कांग्रेस के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से देश-प्रदेश को सुरक्षित रखने तथा झूठ, छल, कपट की राजनीति को जवाब देने के लिए इन सम्मेलनों में रणनीति तैयार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *