बड़वानी / अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के निर्देशन में संगठन को सक्रिय और सुचारू करने के लिए सृजन कार्यक्रम शुरू किया हैं। इसके तहत मंगलवार सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय व प्रादेशिक स्तर के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व पार्टी के जनप्रतिनिधियों से गहन चर्चा की। इस दौरान स्पष्ट किया कि सक्रिय नेताओं को ही कांग्रेस संगठन की कमान सौंपी जाएगी।
जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी अजयसिंह ठाकुर ने बताया कि शहर के नवलपुरा स्थित यदुवंश धर्मशाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक राजेश तिवारी (कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तरप्रदेश के सह प्रभारी), प्रादेशिक पर्यवेक्षक कैलाश कुंडल, सोनल भाबर, जिला संगठन पर्यवेक्षक झूमा सोलंकी, पूर्व गृह मंत्री व राजपुर विधायक बाला बच्चन, जिला सह प्रभारी वाल सिंह मेडा, जिला सह प्रभारी सोहराब पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी, बड़वानी विधायक राजन मंडलोई, सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी, प्रदेश सचिव गिरिश जायसवाल व अजय ठक्कर सहित जिलेभर के बड़ी संख्या में कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा, ब्लॉक, मंडलम आदि के पदाधिकारी व पार्टी के जनप्रतिनिधि, पूर्व प्रत्याशी आदि शामिल हुए।

छह नामों की पैनल केंद्रीय स्तर पर जाएगी
केंद्र्रीय पर्यवेक्षक ने कहा कि पहले कांग्रेस संगठन चुनाव में प्रादेशिक स्तर से पर्यवेक्षक आकर नाम की पैनल लेकर जाते थे, लेकिन अब राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सृजन कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत जिलाध्यक्ष के नामों की पैनल केंद्रीय संगठन के पास पहुंचेगी। इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस द्वारा प्रत्येक जिले से जिला अध्यक्ष के लिए 6 नामों का पैनल बनाएगी। इसमें अजा, अजजा, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला और दो अन्य वर्गांे के उम्मीदवार शामिल करेंगे। मंगलवार को हुई बैठक में पर्यवेक्षकों द्वारा जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल लोगों से वन टू वन चर्चा की। वहीं उपस्थित जिलेभर के अप्रेक्षित पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। देश में गुजरात में अधिवेशन हुआ था उसमें 2025 को पूरे देश में सृजन कार्यक्रम के माध्यम से संगठन को मजबूती प्रदान की जाएगी।

15 जून तक पैनल के नाम होंगे स्पष्ट
मीडिया प्रभारी के अनुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में कई नाम हैं। आज की बैठक में कई लोगों ने अपनी दावेदारी जताई हैं। वहीं पर्यवेक्षकों के समक्ष 15 जून तक नाम की पैनल एकत्रित होना हैं। पर्यवेक्षक संबंधित दावेदारों को लेकर जिलेभर में ब्लॉक स्तरों पर बैठक लेकर गहन विचार-विमर्श करेगी। उसके बाद पर्यवेक्षक 20 जून तक केंद्रीय संगठन के पास नाम भेजेंगे। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद जिलेभर में ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन होंगे। इसमें सक्रिय नेताओं को ही मौका दिया जाएगा।
