बड़वानी / थाना बड़वानी क्षेत्र में दिनांक 17.11.2024 को घटित झपटमारी की एक घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चोरी गया सोने का मंगलसूत्र तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 17 नवम्बर 2024 को फरियादिया श्रीमती अनिता पति दिलीप शर्मा (उम्र 55 वर्ष, निवासी अभिनंदन नगर, बड़वानी) ने थाना बड़वानी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पति के साथ स्कूटी से दर्शन कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान आशाग्राम रोड गेट पुलिया के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया, जिसकी कीमत लगभग ₹50,000/- है। घटना के दौरान फरियादिया स्कूटी से गिर गई थी। इस संबंध में थाना बड़वानी में अपराध क्रमांक 739/2024 धारा 304(2) भा.दं.सं. के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच एवं गिरफ्तारी:
पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर द्वारा चोरी एवं झपटमारी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। एसडीओपी श्री दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

टीम द्वारा लगातार तकनीकी व पारंपरिक माध्यमों से संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान दिनांक 11.06.2025 को मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम खैरवा (थाना मनावर, जिला धार) से आरोपी मौला अली खान पिता कालु खान उम्र 23 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी से झपटे गए सोने का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्र. MP11MV0519) बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल बड़वानी भेजा गया।
टीम की सराहनीय भूमिका:
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक रविन कन्नौज, प्रआर. रजनीश वर्मा (410), प्रआर. संदेश पांचाल (407), प्रआर. दीपक डोडियार (29) तथा साइबर टीम से उपनिरीक्षक रितेश खत्री, प्रआर. योगेश पाटील, आरक्षक अरुण, आरक्षक अर्जुन की विशेष भूमिका रही।
