बड़वानी  / खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल द्वारा संसदीय क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत बड़वानी जिले के 10 शासकीय अस्पतालों को डेड बॉडी फ्रीजर (सिंगल बॉडी) उपलब्ध कराए गए हैं।

यह सुविधा योजना के पैरा क्रमांक 4.2 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है, जिसके तहत प्रत्येक फ्रीजर की लागत ₹2,36,755/- निर्धारित है। इस प्रकार कुल ₹23,67,550/- की राशि सांसद निधि से स्वीकृत की गई है, जिससे वर्षों से लंबित एक अतिआवश्यक सुविधा अब इन अस्पतालों को प्राप्त हो सकी है।

यह सुविधा जिन अस्पतालों को दी गई है, उनमें शामिल हैं —

* जिला चिकित्सालय बड़वानी

* सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटी, ठीकरी, राजपुर, निवाली, पानसेमल, पलसुद

* सिविल अस्पताल सेंधवा

* प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जुलवानिया और खेतीया शामिल हैं।

सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल ने इस अवसर पर कहा कि यह सुविधा अत्यंत आवश्यक एवं संवेदनशील परिस्थितियों में परिजनों को राहत देने वाली सिद्ध होगी। अनेक बार मृत्यु उपरांत शव को सुरक्षित रखने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण परिजनों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस आवश्यकता को समझते हुए सांसद निधि से जिले के 10 अस्पतालों को डेड बॉडी फ्रीजर प्रदान किए गए हैं, ताकि परिजनों को सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि संसाधनों की आपूर्ति और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना हमारा कर्तव्य है। यह सुविधा न केवल अस्पतालों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी यह एक अत्यंत जरूरी कदम था।

सांसद श्री पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रयासों से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी विकास के क्षेत्र में इसी तरह के ठोस और जनोपयोगी कार्य निरंतर होते रहेंगे, जिससे प्रत्येक नागरिक को आवश्यक सुविधाएं समय पर और सुलभ रूप से प्राप्त होती रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *