बड़वानी /  ग्राम तलून -बड़वानी स्थित खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत बड़वानी ग्रामीण मंडल की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री पटेल ने उपस्थित खिलाड़ियों से आत्मीय परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री पटेल ने कहा कि— खेलों का यह महाकुंभ निश्चित रूप से युवाओं में नई ऊर्जा, उत्साह और उत्कृष्टता का संचार करेगा। यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया अभियान एवं फिट इंडिया मूवमेंट को गति प्रदान करते हुए यह महोत्सव युवा शक्ति में खेल संस्कृति, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रसार का महत्त्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

सांसद श्री पटेल ने आगे कहा कि कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, रस्सा-कसी, पंजा कुश्ती, दौड़, तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों  युवाओं को खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। यह महोत्सव जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज कर उन्हें दीर्घकालीन खेल विकास से जोड़ने तथा “खेलो भारत नीति–2025” के अनुरूप खेल गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय प्रगति में योगदान देने का सशक्त अभियान है।

सांसद श्री पटेल ने जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव के लिए डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन हुआ है। बड़वानी जिले के सभी मंडलों की मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं के संपन्न होने के उपरांत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं 23 से 29 नवंबर तक तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 2 दिसंबर के बाद  आयोजित होंगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंतसिंह पटेल, खेल संयोजक श्री अजय कानूनगो, मंडल अध्यक्ष श्री भूपेंद्र जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी, मातृशक्ति, खेल शिक्षक, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *