ठीकरी / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड ठीकरी में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत युवाओं की खेल गतिविधियों से हुई, जिसमें वॉलीबॉल, क्रिकेट एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में युवाओं, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं CMCLDP के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता मधु धनगर ने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन युवाओं को जागृत, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर सशक्त, समरस, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
