बड़वानी / जिला मुख्यालय के रुक्मिणी नगर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में इस वर्ष भी फाग उत्सव पारंपरिक उल्लास, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर रंग-गुलाल से सराबोर नजर आया, जहां महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फाग गीतों के साथ जमकर उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवी रंग में रंगा रहा। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर भाग लिया और ढोलक की थाप पर फाग गीत गाए। शोभा शर्मा, शीतल पांडे, छाया डोंगरे, नीता जादौन, भावना सोनी, मेघा कुमावत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

रुक्मिणी नगर में हर वर्ष होली का पर्व अलग-अलग और अनोखे अंदाज में मनाया जाता है, जो क्षेत्र की विशेष पहचान बन चुका है। इस बार भी उत्सव में उमंग और अपनापन साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर महिलाओं ने शहरवासियों से अपील की कि होली का त्योहार शांति, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाएं। रासायनिक रंगों से बचें, प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। सभी ने सुरक्षित और स्वच्छ होली मनाने का संदेश देते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
