बड़वानी / शहर में पिछले लगभग दो वर्षों से चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य ने आम नागरिकों की जिंदगी को परेशानी में डाल दिया है। शहर की अधिकांश सड़कों पर खुदाई, धूल के गुबार और गड्ढों के कारण बड़वानीवासी रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि आम लोगों से लेकर व्यापारी वर्ग और वाहन चालक तक सभी इस अव्यवस्था से त्रस्त हैं।

सीवरेज लाइन बिछाने के लिए शहर की सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया है, लेकिन लंबे समय से इन सड़कों की मरम्मत नहीं हो पाई है। परिणामस्वरूप सड़कों पर धूल उड़ रही है और लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी है। नागरिकों का कहना है कि धूल के कारण सर्दी-खांसी और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, वहीं अस्थमा के मरीजों को भी गंभीर परेशानी हो रही है।

धूल के गुबार और खराब सड़कों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरते समय लोगों को झटके लगते हैं, जिससे कमर और गर्दन में दर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

व्यापारी वर्ग भी इस समस्या से अछूता नहीं है। दुकानदारों का कहना है कि धूल के कारण दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। वहीं कई स्थानों पर सीवरेज पाइपलाइन फूटने से कीचड़ की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

शहरवासियों का आरोप है कि स्थानीय शासन और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर मौन बना हुआ है। हालांकि बड़वानी विधायक द्वारा इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जा चुका है, लेकिन अभी तक शहरवासियों को राहत नहीं मिल पाई है।

नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही सीवरेज कार्य को व्यवस्थित कर सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो शहर के लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अब समय आ गया है कि प्रशासन शहरवासियों की परेशानी को समझे और जल्द ठोस कदम उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *