बड़वानी / विधानसभा क्षेत्र बड़वानी के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल सुविधा को सुदृढ़ बनाने हेतु माननीय विधायक श्री राजन मण्डलोई ने अपनी विधायक विकास निधि से पानी के टैंकर उपलब्ध कराए हैं। ये टैंकर विशेष रूप से शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदान किए गए हैं। पहाड़ी क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन जल संकट को ध्यान में रखते हुए यह पहल स्थानीय नागरिकों की वास्तविक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्राम पलवट, ग्राम कदवाल्या(ठान), ग्राम गुड़ी, कंजाकुआ(भूराकआ ), कुकरा, मोरकट्टा, ग्राम मेढ़कीमाल (चेरवी), गोलपाटीवाडी, चिकलकुआँवाडी, देरवालिया, धमारिया, सिंधवानी (रोसर), भैसारी (कुम्भखेत), मोरानी (गारा), बुदी, आंवली, नलती (बोरखेड़ी), केली, धमोडी (भण्डारदा), सुस्तीखेडा, टेमला (रसगाँव), बोम्या एवं रेहगुन (सिलावद) आदि गांवों को प्राप्त हुआ है।
विधायक श्री राजन मण्डलोई ने इस अवसर पर कहा कि “पहाड़ी अंचल के हमारे ग्रामीण भाई-बहनों को शादी-विवाह तथा अन्य सामाजिक-धार्मिक आयोजनों के दौरान पेयजल की कोई कमी न हो, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। विधायक विकास निधि का उपयोग जनसुविधाओं के विकास में किया जाना हमारा निरंतर प्रयास है।”
यह पहल बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम एवं पहाड़ी इलाकों में पेयजल उपलब्धता बढ़ाने तथा ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
