बड़वानी  / जिला पुलिस बड़वानी द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने एवं युवाओं व महिलाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कप्तान श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में “पुलिस प्रीमियर लीग (PPL) 2026” का आयोजन किया जा रहा है। उक्त आयोजन “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” थीम पर आधारित होकर विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित कर रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 10.04.2026 को महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु इंस्पेक्टर सुनीता मंडलोई एवं सब इंस्पेक्टर शीला सोलंकी की टीमों के मध्य एक मैत्री महिला क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जो अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहा। उक्त मुकाबले में दोनों टीमों द्वारा उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उप निरीक्षक शीला सोलंकी की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 05 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के दौरान एनएसएस पीजी कॉलेज बड़वानी की छात्रा आरती अहिरवार द्वारा उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए 29 रन बनाए गए, जिसके लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। साथ ही पुलिस विभाग की ओर से रोशनी सिसोदिया द्वारा सिक्स मारने पर पुलिस अधीक्षक बड़वानी द्वारा 500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

आयोजन के अंतर्गत पुरुष वर्ग में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें पहला मैच पाटी एवं वरला टीम के मध्य खेला गया, जिसमें वरला टीम विजयी रही। द्वितीय मैच कोतवाली बड़वानी एवं सेंधवा ग्रामीण टीम के मध्य खेला गया, जिसमें सेंधवा ग्रामीण टीम ने जीत दर्ज की।

 

आयोजन में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस छात्राओं, गृहणियां, पुलिस विभाग की महिला अधिकारी/कर्मचारी तथा अन्य विभागों की महिला प्रतिभागियों ने सहभागिता करते हुए उत्साह, आत्मविश्वास एवं खेल प्रतिभा का परिचय दिया, जिससे आयोजन में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।

पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा बताया गया कि “पुलिस प्रीमियर लीग 2026” के अंतर्गत महिला सहभागिता को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को उभारने का अवसर मिल सके। उक्त मैच का शुभारंभ जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती काजल जावला द्वारा किया गया।

मैच के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण निरीक्षक श्री ओम प्रकाश चौंगड़े, थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक श्री बलजीत सिंह बिसेन, थाना प्रभारी वरला निरीक्षक श्री नारायण रावल, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता मंडलोई, थाना प्रभारी पाटी श्री रामदास यादव, सुबेदार, दैनिक भास्कर ब्यूरो बड़वानी श्री नितेश शर्मा, मीडियाकर्मी, पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *