कांग्रेस विधायक रविवार सुबह जयपुर से विशेष विमान द्वारा भोपाल पहुंचे और इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच होटल पहुंचाया गया। इस बीच सीएम कमलनाथ के निवास पर दिग्विजय सिंह और संसदीय कार्य मंत्री के बीच बैठक जारी है, ये सभी फ्लोर टेस्ट को लेकर बात कर रहे हैं। आज मंत्रिमंडल की भी बैठक होना है, इसके बाद शाम को विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सभी को फ्लोर टेस्ट को लेकर जानकारी दी जाएगी। उधर बेंगलुरु में मौजूद ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों ने रविवार सुबह फिर वीडियो जारी कर कहा कि हमने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। हम अपनी स्वेच्छा से यहां आए हुए हैं और किसी ने हमें बंधक नहीं बनाया है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए हमें सीआरपीएफ की सुरक्षा मांगी हैं, हो सकता है कि हमें स्पीकर से मिलने नहीं दिया जाए। विधायकों ने यह भी कहा कि अगर परिजनों द्वारा कोई शिकायत की जाए तो उसे अमान्य कर दिया जाए। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार अल्प मत में हैं, फ्लोर टेस्ट की पूरी तैयारी हो चुकी है और सरकार गिरेगी। मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने शनिवार देर रात सीएम कमलनाथ को पत्र लिखकर सोमवार को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने के लिए कहा है। इसके बाद कमलनाथ सरकार पर संकट और गहरा गया है। विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 6 विधायकों के इस्तीफे मंजूर कर लिए। इस पर गोपाल भार्गव का कहना था कि 22 विधायकों ने इस्तीफे दिए तो सिर्फ 6 के इस्तीफे ही क्यों मंजूर किए गए। भाजपा भी अपने विधायकों को गुरुग्राम के होटल से भोपाल लाने की तैयारी कर रही है।
बेंगलुरु में मौजूद विधायकों का वीडियो, हमें कांग्रेस सरकार से खतरा
बेंगलुरु में मौजूद ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 22 विधायकों ने रविवार सुबह एक नया वीडियो जारी कर कहा है कि उन सभी ने अपना इस्तीफा दे दिया है। ये सभी भोपाल आना चाहते हैं इसके लिए विधायकों ने सीआरपीएफ की सुरक्षाा मांगी है, सभी ने कांग्रेस सरकार से खुद को खतरा बताया और कहा कि जब सिंधिया जी को भोपाल में निशाना बनाया जा सकता है तो हमें भी खतरा है।
भोपाल एयरपोर्ट रोड पर चप्पे-चप्पे पर कड़ा सुरक्षा पहरा
जयपुर से भोपाल पहुंच रहे कांग्रेस के विधायकों की सुरक्षा के साथ ही बेंगलुरु से आने वाले विधायकों और भाजपा के विधायकों की आने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। एयरपोर्ट पर धारा 144 लगा दी गई है। 5 थाना प्रभारी सहित एडिशनल एसपी व यातायात डीएसपी भी मौके पर मौजूद हैं। एयरपोर्ट से लेकर गांधीनगर चौराहे तक पुलिस की सघन चेकिंग जारी है। एयरपोर्ट पर सिर्फ उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति जिनके पास बोर्डिंग है।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, हमारे विधायक एक घंटे में ही भोपाल आ जाएंगे
भोपाल से नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अब मध्य प्रदेश में बादल छटते जा रहे हैं। कांग्रेस बहुमत खो चुकी है, ऐसा मैं नहीं कह रहा हूं, ऐसा राज्यपाल ने उन्हें लिखकर दिया है। शाम तक सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगाी। मंत्री पीसी शर्मा के तंत्र-विद्या का इस्तेमाल करने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अच्छा रहा वे मंदिर में पूजा कर आए इसका असर उन्हें नहीं होगा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आना होगा वो एक घंटे में ही भोपाल आ जाएंगे। नरोत्तम मिश्रा ने विधायकों के इस्तीफे को लेकर कहा कि विधानसभा में अध्यक्ष का विशेषाधिकार है।
