आखिरकार सरकार ने वह फैसला कर ही लिया, जिसकी पिछले दो दिनों से जबदस्त मांग की जा रही थी। केंद्रीय सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, रामानंद सागर की Ramayana का एक बार फिर प्रसारण किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, पब्लिक की डिमांड पर यह ऐलान करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है कि कल यानी शनिवार से Ramayana का प्रसारण किया जाएगा। डीडी नेशनल पर एक एपिसोड सुबह 9 से 10 तो दूसरा रात में 9 से 10 बजे तक दिखाया जाएगा। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में जो लोग घर में कैद हैं, उनके लिए किसी खुशखबर से कम नहीं है।
33 साल पहले हुआ था Ramayan का प्रसारण
रामायण सीरियल का निर्माण, लेखन और निर्देशन रामानन्द सागर ने किया था। कुल 78 कड़ियों के यह धारावाहिक बना था, जिसका प्रसारण दूरदर्शन पर किया गया था। पहला धारावाहिक 25 जनवरी 1987 को हुआ था और आखिरी 31 जुलाई 1988 को। हर रविवार सुबह 9.30 बजे इसका प्रसारण किया जाता था। हर गांव, हर शहर में तब कर्फ्यू जैसा माहौल होता था। तब लोग अपने टीवी पर माला पहना देते थे। लोगों का विश्वास था कि ईश्वर साक्षात उनके घर आ गए हैं।
किसने किसकी भूमिका निभाई थी
- अरुण गोविल: श्रीराम
- दीपिका: सीता
- सुनील लहरी: लक्ष्मण
- संजय जोग: भरत
- समीर राजदा: शत्रुघ्न
- दारा सिंह: हनुमान
- बाल धुरी: दशरथ
- जयश्री गडकर: कौशल्या
- रजनीबाला: सुमित्रा
- पद्मा खन्ना: कैकयी
- ललिता पवार: मन्थरा
- अरविन्द त्रिवेदी: रावण
- विजय अरोड़ा: इन्द्रजीत
- मुलराज राजदा: जनक
- सुधीर दाल्वी: वशिष्ठ
- चंद्रशेखर: सुमंत्र
नई पीढ़ी को छोड़ दें तो पिछली दो पीढ़ीयों का Ramayan के इन एपिसोड से गहरा नाता है। आज जो लोग माता-पिता बन चुके हैं, उन्हें अच्छी तरह याद होगा कि जब वे छोटे थे जब Ramayan का प्रसारण हुआ था। तब क्रेज इतना था कि सड़कों पर सन्नाटा हो जाता था। ठीक वैसे ही जैसा आज नजर आता है।
