Weather Alert : मानसून का इंतजार खत्‍म होने जा रहा है। भीषण गर्मी से जल्‍द ही निजात मिलने वाली है। ताजा समाचार यह है कि संभावित रूप से 1 या 2 जून को मानसून केरल में दस्‍तक देगा। इसके बाद एक सप्‍ताह के भीतर देश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पहले मानसून के 5 जून तक आने का अनुमान था लेकिन मौसम का सिस्‍टम अब बदल गया है। इसलिए कोई एक तय तारीख तो नहीं बताई जा सकती लेकिन 1 या 2 जून तक मानसून की आमद के पूरे आसार हैं।

देश में मानसून जल्‍द ही नजर आ सकता है। प्री-मानसून की बारिश का असर आज 29 मई की रात से ही देखा जा सकता है। संभावना है कि प्री-मानसून के चलते कुछ राज्‍यों में 31 मई तक तेज बारिश हो सकती है। इससे प्रभावित होने वाले राज्‍यों में मध्‍य प्रदेश, पश्चिमी हिमालय, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। यहां के मैदानी इलाकों में 28 से 31 मई तक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के प्रमुख मृत्युंजय महापात्रा का कहना है कि मानसून के आने से पहले ही भारत में व्यापक बारिश होने की संभावना है। उत्तर और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी की लहर उत्तर भारत के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ के आगमन के साथ समाप्त हो गई है। बीते सप्‍ताह बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान एंफन ने 17 मई को दक्षिण पश्चिम मानसून को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंचा दिया था। लेकिन अब जल्‍द ही मानसून का क्रम सुधर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *