भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कैलाश जोशी का 91 वर्ष की उम्र में रविवार सुबह 11:24 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। कैलाश जोशी के निधन से मध्य प्रदेश भाजपा में शोक की लहर छा गई है। भोपाल में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता यह खबर मिलने के बाद अस्पताल पहुंच गए। उनकी पार्थिव देह को भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। यह बात सामने आ रही है कि सोमवार को देवास जिले के हाटपिपल्या में उनका अंतिम संस्कार होगा।

कैलाश जोशी मध्य प्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री थे, 26 जून 1977 से 17 जनवरी 1978 तक सीएम पद पर रहे। वे जनसंघ के समय संगठन को मध्य प्रदेश में मजबूत करने के लिए काम करते रहे। 1955 में कैलाश जोशी पहली बार हाटपीपल्या नगर पालिका अध्यक्ष रहे, इसके बाद 1962 से निरंतर देवास जिले के बागली से विधायक रहे। 1951 में वे भारतीय जनसंघ की स्थापना के सदस्य भी रहे।

इमरजेंसी के दौरान करीब एक महीने तक वे भूमिगत रहे इस दौरान 28 जुलाई 1975 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसके बाद उन्हें 19 महीने तक नजरबंद रखा गया। सीएम बनने के बाद 1978 में स्वास्थ्य खराब होने की वजह से उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। वे भोपाल से सांसद भी रहे और मध्य प्रदेश के मुद्दों को संसद में उठाया। कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी शिवराज सिंह चौहान की सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *