बड़वानी 17 अक्टूबर 2020/कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा ने देश के सर्वाधिक 10 पिछड़े विकासखण्डों में सम्मिलित जनपद पंचायत पाटी पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। दोनों विभागों के मैदानी अमले की जानकारी में एकरूपता और निर्धारित लक्ष्यों अनुसार प्रगति प्रदर्शित नही होने पर दोनों विभागों के खण्ड स्तरीय अधिकारियो, सुपरवाईजर, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को शोकाज नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि अगले महिने होने वाली समीक्षा के दौरान यदि कार्य में एकरूपता एवं प्रगति प्रदर्शित नही होगी तो उस अधिकारी, मैदानी अमले को पद से पृथ्क करने की कार्यवाही प्रारंभ की जायेगी। और जो अच्छा कार्य करेगा उसे प्रशंसा पत्र प्रदान किये जायेंगे।

      उल्लेखनीय है कि जिले स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रत्येक माह के तृतीय शनिवार को होने वाली इन विकासखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य बनाते हुए नामजद ड्यूटी लगाई है। इसके तहत कलेक्टर ने अपने पास देश के सर्वाधिक पिछड़े विकासखण्ड में शुमार विकासखण्ड पाटी का प्रभार रखा है।

बैठक के दौरान इन कार्यो की हुई समीक्षा

      बैठक के दौरान राजस्व अधिकारियों ने प्रत्येक गर्भवती महिला का पंजीयन, उसकी होने वाली चार जांच, संस्थागत प्रसव होना, बच्चों का समय पर टीकाकरण होना, बच्चों का समय-समय पर वजन लेना, कुपोषित पाये जाने पर उसे एनआरसी में भर्ती करवाना, हाई रिस्क वाली महिलाओं की सतत् काउंसलिंग एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा किया जाना, आदि की समीक्षा की।

      इस दौरान हाथ उठवाकर लोगों को शपथ भी दिलवाई गई कि वे अपने पदीन दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ अपना सामाजिक दायित्व भी निभाते हुए, ऐसा कार्य करेंगे जिससे उनके क्षेत्र में किसी भी गर्भवती महिला एवं उसके बच्चे की मृत्यु न होने पाये।

यह थे उपस्थित

      पाटी में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा के साथ-साथ जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अनिता सिंगारे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुनिल सोलंकी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. देवेन्द्र वास्कले, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री प्रकाश रंगशाही, पिरामल के श्री असलम खांन, श्रम पदाधिकारी श्री केएस मुजाल्दा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *