बड़वानी  / पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने हेतु “पुलिस खेल उत्सव” एवं “आपकी बात – पुलिस के साथ” अभियान की अभिनव संयुक्त पहल प्रारंभ की जा रही है। इसके अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों के चयनित गांवों में कबड्डी, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, साथ ही जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

पुलिस खेल उत्सव के माध्यम से प्रत्येक थाना क्षेत्र में टीमों का गठन कर लगभग 900 युवाओं को जोड़ा जाएगा। संबंधित थाना प्रभारी द्वारा इन टीमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यह पहल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने, उन्हें नशे एवं आपराधिक प्रवृत्तियों से दूर रखने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल गतिविधियों के माध्यम से पुलिस एवं युवाओं के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय बढ़ेगा, जिससे प्रभावी सूचना तंत्र विकसित होगा और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी।

इसी क्रम में “आपकी बात – पुलिस के साथ” अभियान के तहत दिनांक 05 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम सागबारा (चेर्वी) में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्राम/नगर रक्षा समिति सम्मेलन के रूप में आयोजित होगा, जिसका विषय “आध्यात्मिक व सामाजिक पुनरुत्थान” निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. प्रभु नारायण मिश्रा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे, जो युवाओं एवं समिति सदस्यों को सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं समाज सेवा के प्रति प्रेरित करेंगे।

इस अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने, सुझाव प्राप्त करने एवं ग्राम रक्षा समितियों को सक्रिय बनाने का कार्य करेगा। पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा, विश्वास एवं सामाजिक समरसता का वातावरण सुदृढ़ हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *