बड़वानी / राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकंडरी स्कूल, बड़वानी में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़वानी के प्रसिद्ध डेंटिस्ट एवं सोशल वर्कर डॉ. चक्रेश पहाड़िया द्वारा विद्यार्थियों का दंत परीक्षण किया गया।
इस दौरान आधुनिक एआई रोबोट मशीन के माध्यम से विद्यार्थियों के दांतों की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। तकनीक के माध्यम से दांतों की स्थिति का परीक्षण कर विद्यार्थियों को दंत स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सुझाव दिए गए।
डॉ. चक्रेश पहाड़िया ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, दिन में दो बार ब्रश करने तथा दांतों की समस्याओं को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दांत, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार हैं।
विद्यालय के प्राचार्य माधव खंडेलवाल ने डॉ. चक्रेश पहाड़िया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से आयोजित यह दंत परीक्षण शिविर विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं जागरूकता बढ़ाने वाला रहा।
