बड़वानी  / राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के प्रति प्रेम, स्नेह एवं उनके सर्वांगीण विकास के महत्व को रेखांकित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे आकर्षक ड्रेस में विद्यालय आकर उत्सव की खुशियों को और भी खास बना दिया। बच्चों के चेहरों पर उत्साह, उमंग और मुस्कान देखते ही बन रही थी।

विद्यालय में बच्चों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ समय बिताकर इस दिन को यादगार बनाया। पूरे विद्यालय का वातावरण प्रेम, आनंद और उल्लास से सराबोर रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री माधव खंडेलवाल ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल पूंजी हैं। प्रत्येक बच्चे में एक विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण देकर निखारा जा सकता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का समापन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और बाल दिवस की खूबसूरत यादों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *