बड़वानी / जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को शहीद भीमा शासकीय महाविद्यालय, बड़वानी में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद श्री गजेंद्रसिंह पटेल ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने अमर क्रांतिकारी शहीद भीमा नायक जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री पटेल ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा जी के त्याग, संघर्ष, अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की गौरवशाली गाथाओं से समृद्ध है। भगवान बिरसा मुंडा एवं शहीद भीमा नायक जैसे महान क्रांतिकारियों का जीवन हमें राष्ट्रसेवा, सामाजिक जागरूकता और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर स्वच्छता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात ग्राम धाबाबावड़ी, जिला बड़वानी में शहीद भीमा नायक प्रेरणा केंद्र पहुंचकर सांसद श्री पटेल ने अमर क्रांतिकारी शहीद भीमा नायक जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंतसिंह पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री अजय कानूनगो, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश चौहान, भाजपा जिला मंत्री श्री जितेन्द्र निकुम, बड़वानी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री भूपेंद्र जाट, श्री विजय वास्कले, श्री सचिन चौहान सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
