ठीकरी /   मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड ठीकरी, जिला बड़वानी के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) की कक्षा में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम में वक्ता श्री मधु धनगर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के महत्व, भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन परिचय, उनके संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर हम जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान को नमन करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा जी ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ‘उलगुलान’ का महान आंदोलन चलाया। जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए उनका संघर्ष और बलिदान सदैव देश को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान प्रदान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “किसने कितना कमा लिया, किसने कितनी बड़ी बिल्डिंग बना ली, उसका सम्मान कहाँ है भारत के अंदर? भारत में सम्मान उसका होता है, जिसने बिना किसी आकांक्षा और अपेक्षा के देश सेवा की हो। भगवान बिरसा मुंडा जी सहित अनेकों वीरों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना ऐतिहासिक योगदान दिया है।”

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय सोलंकी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए जनजातीय महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन मेंटर श्री नरेंद्र सिंह तंवर ने किया। इस दौरान मेंटर श्री नरेंद्र चौहान, श्रीमती नंदनी वर्मा सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात रैली निकाली गई, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *