बड़वानी  / राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस एवं दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में दीपक सजावट प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे एवं देश की संप्रभुता बनाए रखने का संदेश दिया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान से अवगत कराया।

इसके पश्चात आयोजित दीपक सजावट प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने घर से आकर्षक ढंग से सजाकर दीपक लाए, वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विद्यालय में ही अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए सुंदर दीपक सजाए। विद्यार्थियों ने रंगों, मोतियों, सजावटी सामग्री एवं पारंपरिक कलाकृतियों से दीपकों को आकर्षक रूप प्रदान किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह एवं भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम देखते ही बन रहा था।

विद्यालय के प्राचार्य श्री माधव खंडेलवाल ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। वहीं दीपावली जैसे पर्व हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं रचनात्मकता के प्रतीक हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सृजनात्मक प्रतिभा का विकास करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी ने राष्ट्रीय एकता एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *