बड़वानी/ खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने अपनी पूज्य माताजी स्व. सुशीलादेवी उमरावसिंह जी पटेल की स्मृति में श्री वाल्मीकि वनवासी आश्रम, बड़वानी के छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। बड़वानी नगर में लंबे समय से संचालित यह छात्रावास जनजातीय समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देशभर में वनवासी कल्याण परिषद विभिन्न आश्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और संस्कारों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा इस परिसर से पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने स्मरण करते हुए बताया कि बचपन में वे अपने माता-पिता के साथ यहां आया करते थे, तब परिसर में केवल एक कमरा हुआ करता था। सीमित संसाधनों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अनाज एवं सहयोग एकत्रित किया और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया।

सांसद श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षित करना, उन्हें अच्छे संस्कार देना और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। आश्रम में रहकर शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगे चलकर देश के जिम्मेदार, संस्कारवान और राष्ट्रभक्त नागरिक बनें, यही इस सेवा कार्य का उद्देश्य है। कठिन परिस्थितियों में भी समाज के सहयोग से संसाधन जुटाकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना समर्पण और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में भी आश्रमों के लिए लगभग एक करोड़ रुपये के सहयोग से संबंधित प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को समझना तथा उसे संरक्षित रखना आवश्यक है। भगवान बिरसा मुंडा जी सहित जनजातीय समाज के महापुरुषों के जीवन, विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जाना चाहिए। समाज में भ्रम फैलाकर विभाजन पैदा करने के प्रयासों के प्रति जागरूक रहते हुए हमें आपसी एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय विचारों को मजबूत करना होगा।

सांसद श्री पटेल ने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गांवों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति अनेक परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। शराब, दहेज और डीजे के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जनजागरण आवश्यक है। समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर इन बुराइयों को दूर करने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। हमें सकारात्मक सोच, सामूहिक प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। “We Will Do It—हम करके रहेंगे” का भाव आत्मसात कर हम सभी मिलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

सांसद श्री पटेल ने कहा कि पूज्य माताजी की स्मृतियों को सेवा के संकल्प से जोड़ते हुए जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री श्री रमेश बाबू , क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री सुभाष  बड़ोले, वनवासी कल्याण परिषद मध्यभारत के प्रांतीय अध्यक्ष श्री शौभागसिंह  मुजाल्दे, प्रांत उपाध्यक्ष श्री शिवकांत  विजयवर्गीय, प्रांत संगठन मंत्री श्री तिलकराज दांगी, पूर्व मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व सांसद श्री सुभाष पटेल, वनवासी कल्याण आश्रम बड़वानी के जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश  चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *