Cross Voting: एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। इन्होंने तीसरे राउंड की मतगणना के दौरान ही 50 फीसदी से अधिक वोट हासिल कर लिए। तीनों राउंड में द्रौपदी मुर्मू को कुल 2161 वोट मिले हैं और इसकी वैल्यू 5,77,777 है। वहीं विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को कुल 1058 वोट मिले और इसकी वैल्यू 2,61,062 है। द्रौपदी मुर्मू की इस बड़े अंतर से जीत के पीछे विधायकों और सांसदों की क्रॉस वोटिंग को भी बड़ा फैक्टर माना जा रहा है। बीजेपी ने दावा किया है कि 17 सांसदों ने द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में क्रॉस वोटिंग की है। वहीं 113 विधायकों ने भी क्रॉस वोटिंग की।

सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग?

बता दें कि पहले चरण में सांसदों के वोटों की गिनती हुई थी। इस चरण में द्रौपदी मुर्मू को 540 तो वहीं यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले थे। मुर्मू को मिलने वाले वोट की वैल्यू 3,78,000 तो वहीं यशवंत सिन्हा के वोटों की वैल्यू 1,45,000 है। बता दें कि दोनों सदनों के मिलाकर सांसदों के 780 वोट थे जिनमें से 13 सांसदों ने वोटिंग में भाग नहीं लिया था और इस चरण में 15 वोट अमान्य भी पाए गए थे। यानी संसद में मुर्मू को 72 फीसदी सांसदों का समर्थन हासिल हुआ है, जबकि यशवंत सिन्हा के लिए सिर्फ 28 फीसदी सांसदों ने ही वोट डाला। लेकिन दोनों सदनों को मिलाकर एनडीए के इतने सांसद नहीं है। इसका मतलब है कि कई सांसदों ने पार्टी की राजनीति के ऊपर उठकर द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया।

विधायकों ने भी अपनी मर्जी से किया मतदान

विधायकों में मामले में कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली है। वैसे कुछ विधायकों ने खुलकर ऐलान कर दिया था कि वो पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर आदिवासी उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे। जैसे गुजरात में एनसीपी विधायक कांधल एस जडेजा ने कहा था कि वह अपनी अंतरात्मा की आवाज को सुनकर द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे, जबकि उनकी पार्टी एनसीपी, यशवंत सिन्हा के साथ थी। सपा नेता अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल ने खुलेआम द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। उनके बरेली के विधायक शहजील इस्लाम ने भी खुलकर द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। हरियाणा में कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक असम से 22, मध्यप्रदेश से 18, महाराष्ट्र से 16, गुजरात से 10, बिहार से 6, छत्तीसगढ़ से 6 और अन्य राज्यों से भी 1-5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन दिया।

25 जुलाई को शपथ ग्रहण समारोह

फिलहाल नतीजे सामने आ गये हैं और देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिल गई है। 24 जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल समाप्त होगा और 25 जुलाई को द्रौपदी मुर्मू नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगी। विपक्ष ने राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भी हार स्वीकार करते हुए द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *