बड़वानी  / पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा एसडीओपी श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान थाना सेंधवा शहर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों में कंपनी का मूल साइलेंसर हटाकर तेज पटाखा जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर आम रास्तों एवं रिहायशी क्षेत्रों में घूम रहे हैं, जिससे आमजन में भय एवं दहशत का वातावरण निर्मित हो रहा है। सूचना के आधार पर दिनांक 18-05-2026 को थाना सेंधवा शहर पुलिस टीम द्वारा निवाली रोड सेंधवा में घेराबंदी कर बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 41 एमआर 8333 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगा होना पाया गया, जो अत्यधिक तेज एवं पटाखा जैसी आवाज उत्पन्न कर रहा था।

पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत वाहन चालक के विरुद्ध चलानी कार्रवाई करते हुए ₹3000 का जुर्माना लगाया गया तथा मौके पर ही अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर को निकलवाकर विधिवत जब्त किया गया। साथ ही वाहन चालक को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि न करने एवं यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। थाना प्रभारी सेंधवा शहर द्वारा बताया गया कि शहर की शांति व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा प्रभावित करने वाले वाहन चालकों तथा अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले मैकेनिकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह एवं थाना सेंधवा शहर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *