बड़वानी / प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में दिनांक 29.10.2026 को थाना यातायात बड़वानी एवं नगरपालिका बड़वानी की संयुक्त टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कचहरी रोड, एम.जी. रोड, झंडा चौक एवं रंजीत चौक सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में सड़क पर अवैध रूप से हाथठेले लगाने तथा दुकानों का सामान सड़क पर रखकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा संबंधित दुकानदारों एवं हाथठेला व्यवसायियों को समझाइश देकर सड़क पर रखा सामान हटवाया गया तथा अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारू कराया गया।साथ ही सभी संबंधित दुकानदारों एवं हाथठेला व्यवसायियों को हिदायत दी गई कि भविष्य में सड़क पर सामान रखकर अथवा हाथठेले लगाकर यातायात बाधित न करें। दोबारा अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं आमजन के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए थाना यातायात बड़वानी एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
