बड़वानी / बड़वानी जिला चिकित्सालय में बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह के मार्गदर्शन में डॉ राजेश गुप्ता और डॉ मनोज खन्ना के निर्देशन में लायंस क्लब बड़वानी सिटी, जिला चिकित्सालय बड़वानी और सामाजिक चिंतन मंच के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मिर्गी रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह, सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना, वॉयस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन राम जाट, डॉ. चतुर्भुज राठौड़ एवं डॉ. के.एस. रावत द्वारा किया गया । कार्यक्रम के शुभारंभ में कलेक्टर जयति सिंह द्वारा लायंस क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि बड़वानी जिला एक आकांक्षी जिला है और इसमें इस तरह के शिविरों का आयोजन होने से कई जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा । उन्होंने कहा कि सभी मरीज इसका लाभ ले और डॉक्टर द्वारा बताये गये इलाज और दवाइयों का समय समय पर सेवन करे और यदि किसी मरीज को उच्च लेवल पर किसी जांच की आवश्यकता हो तो जिला प्रशासन भी उसकी मदद और सहयोग के लिए तत्पर रहेगा । उन्होंने लायंस क्लब, सामाजिक चिंतन मंच और जिला चिकित्सालय एवं डॉक्टर्स की टीम को इस सेवा कार्य के लिए शुभकामनाएं दी ।
इस अवसर पर बड़ौदा के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. चतुर्भुज राठौड़ द्वारा बताया गया कि मिर्गी रोग न ही कोई भूत–प्रेत या हवा बाधा या पागलपन की बीमारी है बल्कि यह अन्य बीमारियों की तरह ही एक दिमागी बीमारी है जो कि उपचार के द्वारा ठीक हो सकती है और वह अपना सामान्य जीवन जी सकते है और उन्हें अपने दैनिक कार्यों में या गर्भावस्था में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी । लायन महेश शर्मा एवं लायन महेश जोशी ने बताया कि लायंस क्लब बड़वानी सिटी द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर कई तरह के शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है इसी तारतम्य में बड़वानी जिले में पहली बार मिर्गी रोगियों के लिए निःशुल्क शिविर का आयोजन किया गया है । इस शिविर में जायडस हास्पिटल बड़ौदा के डॉ चतुर्भुज राठोर (एम डी,डी एम) जो भारत के शिर्ष मिर्गी रोग विशेषज्ञों में से एक है और डॉ के एस रावत प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट (डी एम) इंदौर द्वारा अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान की गई ।
शिविर में बड़वानी जिले के साथ–साथ धार, झाबुआ और खरगोन और इंदौर जिले के मरीज भी आये थे । इंदौर से आए आनंद हॉस्पिटल के डॉ. चेतन पाटीदार ने बताया कि मेरे पिताजी को दिखाने के लिए मैने बड़ौदा में कई बार प्रयास किया लेकिन नंबर नहीं लग पाया इसलिए मैं इस निःशुल्क शिविर में उनका उपचार करवाने के लिए लेकर आया हूं ।
लायन अनिल जोशी एवं लायन सचिन शर्मा ने बताया कि बड़ौदा जायडस हॉस्पिटल से आए डॉ चतुर्भुज राठौड़ एक ऐसे डॉक्टर है जो कि मिर्गी रोगियों का ऑपरेशन के द्वारा भी इलाज करते है और मध्यप्रदेश में भी इस तरह का कोई सर्जन नहीं है और जरूरत पड़ने पर वे मध्यप्रदेश में भी आकर ऑपरेशन करते है ।
लायन सुधीर पांडे एवं जया शर्मा ने बताया कि लायंस क्लब बड़वानी सिटी द्वारा सभी मरीजों को भोजन के पैकेट भी वितरित किए गए ।
लायन जितेंद्र जैन एवं नवीन वाघे ने बताया कि शिविर में 121 रोगियों का पंजीयन हुआ जिनके लिए निःशुल्क दवाइयां इंदौर के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. के. एस. रावत के द्वारा उपलब्ध करवाई गई ।
शिविर में विशेष सहयोग राधेश्याम जमरे मैनेजर (DEIC), डॉ. लखन गांगले, डॉ. प्रांकुर शुक्ला, सामाजिक चिंतन ग्रुप के राहुल खांडे, महेंद्र गोयल, दयाराम शिंदे, राजपाल भार्गव, दिनेश भार्गव, लायन के.टी. मंडलोई, लायन डॉ. कविता भदौरिया, लायन नकुल पटेल, एन.सी.सी. कैडेट्स ने दिन भर अपनी सेवाएं दी।
समस्त उपस्थित डॉक्टर्स,सामाजिक कार्य कर्ताओं,रोगियों के परिजनों का आभार लायन महेश जोशी द्वारा व्यक्त किया गया
