बड़वानी/ भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व 2024 के अंतर्गत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने खरगोन-बड़वानी के सांसद एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री गजेंद्र सिंह पटेल को मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना राज्यों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद संसदीय क्षेत्र खरगोन-बड़वानी और निमाड़ क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट किया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति को श्री पटेल की संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक कौशल और पार्टी के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है। इससे पहले उन्हें संगठन पर्व 2024 के लिए राष्ट्रीय पुनर्विचार समिति के सदस्य के रूप में भी नामित किया गया था। उनके नेतृत्व में हाल ही में महाराष्ट्र की 12 विधानसभा सीटों में से 10 पर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने राजनीतिक जीवन में संघ से प्राप्त अनुशासन और अनुभव के साथ गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा, ओडिशा, दिल्ली, और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में पार्टी को कई चुनावी जीत दिलाई है। उन्होंने नगर कार्यवाह, वनवासी कल्याण आश्रम के प्रदेश सदस्य, भाजपा जिला महामंत्री, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री, और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

निमाड़ क्षेत्र में “गज्जू भैया” के नाम से लोकप्रिय श्री पटेल की इस नियुक्ति पर कार्यकर्ता सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से “निमाड़ की नैय्या, गज्जू भैया” के नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह निमाड़ क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और उनके नेतृत्व में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा।

इस अवसर पर सांसद पटेल ने कहा, पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। हमारा लक्ष्य ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर चलते हुए देश और समाज की सेवा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *