बड़वानी / शहर की डीआरपी लाइन गुरु शिवम विहार कॉलोनी में मां हिंगलाज मंदिर में स्थापना का एक वर्ष पूर्ण होने पर मां हिंगलाज जयंती का पर्व अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां हिंगलाज का विशेष हवन-पूजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं।
माता रानी का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। अनुष्ठान के पश्चात कन्या पूजन कर उन्हें सुरुचिपूर्ण भोजन कराया गया।
नगर वासियों और समाजजनों की उपस्थिति में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जी भावसार ने बताया कि:
“चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मां हिंगलाज का जन्मोत्सव पूरे देश में मनाया जाता है। मां हिंगलाज 52 शक्तिपीठों में से एक अत्यंत महत्वपूर्ण शक्तिपीठ हैं, जिनका मूल स्थान वर्तमान में बलूचिस्तान में स्थित है।”मां हिंगलाज भावसार समाज के साथ-साथ अन्य कई समाज की कुलदेवी है उक्त कार्यक्रम में भावसार समाजजन और कॉलोनी वासी उपस्थित रहे।
इस आयोजन में समस्त नगर वासियों और समाजजनों ने सक्रिय भागीदारी कर धर्म लाभ लिया।
