सेंधवा  /  पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों को सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक करने के उद्देश्य से आज सेंधवा शहर के वार्ड क्रमांक 14 में पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी श्री अजय वाघमारे एवं थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह ने वार्डवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी। एसडीओपी श्री वाघमारे ने कहा कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा करने जैसी लापरवाहियां आर्थिक अपराधों का कारण बन सकती हैं। उन्होंने लोगों से साइबर ठगी से बचने हेतु सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

वहीं थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह ने महिला एवं बालिका सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए निर्भया मोबाइल एवं अन्य पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस निरंतर सक्रिय है।

जनसंवाद के दौरान नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। युवाओं से नशे से दूर रहने तथा क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट लगाने तथा मोहल्ले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पति श्री इमलुद्दीन मंसूरी, सदर श्री वसीम खान सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, युवा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि —

“पुलिस आपकी मित्र है। जनसंवाद का उद्देश्य जनता के मन से पुलिस का भय दूर करना और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *