बड़वानी / शासकीय आदर्श महाविद्यालय, करी में मंगलवार को युवा संगम (रोजगार मेला) एवं “सांसद अभियान – हर ग्राम, एक काम (ग्रामहिते राष्ट्रहितम्)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री गजेंद्रसिंह पटेल ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं ग्राम विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सांसद श्री पटेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और उनकी सक्रिय सहभागिता से गांवों में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद पटेल द्वारा चलाये जा रहे “सांसद अभियान – हर ग्राम, एक काम” के उद्देश्य, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं ग्राम विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। चयनित ग्रामों में सर्वे, जन-जागरूकता एवं विकासात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कर ग्राम विकास को गति देने की बात भी कही गई।
सांसद श्री पटेल ने कहा कि “ग्रामहिते राष्ट्रहितम्” की भावना के साथ चलाया जा रहा यह अभियान गांवों के समग्र विकास एवं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी श्री टी.एस. डुडवे, आजीविका मिशन प्रमुख श्रीमती अनुराधा पाटीदार, स्वामी विवेकानंद कैरियर संभागीय नोडल डॉ. मधुसूदन चौबे, प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष श्री शिवम मिश्रा, सिलावद मंडल अध्यक्ष श्री अजय यादव सहित महाविद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
