बड़वानी / केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ₹4,415 करोड़ की लागत से एनएच-347बी (जुलवानिया-खंडवा-बैतूल) राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को मंजूरी प्रदान किए जाने पर खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे निमाड़ क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।
सांसद श्री पटेल ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत देशगांव-जुलवानिया खंड (108.643 किलोमीटर) का हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत 2-लेन से 4-लेन सड़क में उन्नयन किया जाएगा। इससे खरगोन, बड़वानी सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र तथा जनजातीय अंचलों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि सड़क अवसंरचना के सुदृढ़ होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, परिवहन लागत में कमी आएगी तथा रोजगार एवं निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
सांसद श्री पटेल ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार मोदी जी के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास हेतु लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद श्री पटेल ने खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद के रूप में जनसेवा के सात वर्ष पूर्ण होने पर क्षेत्र की जनता, पार्टी के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि यह सात वर्षों की यात्रा जनता के अपार स्नेह, विश्वास, सहयोग एवं आशीर्वाद का परिणाम है। क्षेत्रवासियों का यह विश्वास ही उन्हें निरंतर जनसेवा, जनकल्याण और विकास कार्यों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
सांसद श्री पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद एवं सहयोग से वे आगे भी पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा जनहित के कार्यों को गति प्रदान करते रहेंगे।
