बड़वानी / पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा थानों में रखे लावारिस एवं जप्त वाहनों तथा जप्तशुदा शराब के निराकरण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा दिनांक 08-06-2026 को थाना कोतवाली बड़वानी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल द्वारा थाना परिसर, मालखाना, अभिलेखों एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतों एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा कर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस दौरान थाना कोतवाली बड़वानी द्वारा विकसित क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था का भी प्रदर्शन किया गया। उक्त नवाचार के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करते ही थाना परिसर में रखे लावारिस एवं जप्त वाहनों, कोत में रखे आर्म्स तथा थाना तैनाती संबंधी संपूर्ण जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकती है। इस व्यवस्था से अभिलेखों के संधारण, जानकारी के त्वरित सत्यापन एवं कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता प्राप्त होगी।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा थाना कोतवाली की इस नवाचारी पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजितसिंह बिसेन एवं समस्त थाना स्टॉफ उपस्थित रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *