बड़वानी / पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के उद्देश्य से दिनांक 19.06.2026 को थाना कोतवाली परिसर में थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन द्वारा नगर की ताजिया निर्माण करने वाली समितियों, सवारियों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी दिनों में निकलने वाले सवारियों, अखाड़ों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं प्रशासनिक नियमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी द्वारा आयोजकों को निर्देशित किया गया कि सभी सवारी जुलूस निर्धारित समय एवं तय मार्ग से ही शांतिपूर्वक निकाले जाएं। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने तथा माननीय न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार सीमित ध्वनि स्तर पर साउंड सिस्टम का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की अपील करते हुए बताया गया कि पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है। साथ ही सवारी एवं ताजिया कमेटियों को अपने-अपने स्तर पर वालंटियर तैनात करने के लिए कहा गया, जिससे जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
बैठक में उपस्थित सवारी एवं ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा सभी आयोजन पारंपरिक हर्षोल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया।
