बडवानी / राजकुमार खण्डेलवाल स्मृति हायर सेकेण्डरी स्कूल में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण एवं सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, रिबन, सितारों, कुंदन, सजावटी सामग्री एवं अन्य रचनात्मक वस्तुओं का उपयोग करते हुए सुंदर एवं आकर्षक राखियाँ तैयार कीं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण रचनात्मकता, उत्साह और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक से भर गया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को हमारी समृद्ध परंपराओं एवं त्योहारों से जुड़ने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य माधव खंडेलवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, कलात्मक कौशल तथा भारतीय संस्कारों का विकास करती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
