बड़वानी / मिली जानकारी अनुसार ग्राम मेणीमाता  में  कल 15 सितंबर मंगलवार को कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें किसानों एवं ग्रामीणों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसान हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

रात्रि चौपाल में किसानों को ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक वितरण, फार्मर आईडी बनवाने तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कपास विक्रय के लिए पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों एवं क्लस्टर के चयन के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

किसानों को फसलों में संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग, दलहन फसलों का क्षेत्र विस्तार तथा उन्नत किस्म के प्रमाणित बीजों की बुवाई के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी फसल के लिए अग्रिम उर्वरक उठाव एवं समय पर कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही किसानों को सहकारी समितियों की सदस्यता लेने तथा समितियों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। विभागीय अधिकारी योजनाओं की पात्रता, अनुदान एवं लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *