ठीकरी  / वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर देशभर में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विद्या भारती द्वारा देशभर में एक करोड़ जनों द्वारा एक साथ पूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का ऐतिहासिक एवं गौरवमयी राष्ट्रभक्ति अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 11 बजे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ठीकरी में सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, विद्यार्थी, अभिभावक एवं नगरवासी सहभागी होंगे।

विद्यालय संचालन समिति सदस्य मधु धनगर ने बताया कि वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय है। विद्या भारती द्वारा आयोजित एक करोड़ जनों के सामूहिक वंदे मातरम् गायन अभियान के माध्यम से देशभर में राष्ट्रभक्ति की विराट चेतना को एक स्वर में अभिव्यक्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि “मेरा देश, मेरा अभिमान” के भाव के साथ हम सभी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और अभियान में सहभागी बनकर राष्ट्रभक्ति की इस चेतना को जन-जन तक पहुँचाएं।

विद्यालय संचालन समिति ने नगरवासियों से अपने परिवार, मित्रों एवं साथियों के साथ 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ठीकरी पहुंचकर सामूहिक वंदे मातरम् गायन में सहभागी बनने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *