इंदौर। कोरोना संक्रमण अभी शहर के कुछ इलाकों तक ही सीमित है, लेकिन इन इलाकों में जारी लापरवाही से उसे शहर में फैलते देर नहीं लगेगी। इस महामारी पर काबू पाने के लिए कंटेनमेंट घोषित हुए इलाकों में जांच के लिए पहुंचने वाली डॉक्टरों की टीम को लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं। करोना के सैंपल देने के बजाय कहीं मेडिकल टीम पर पथराव हो रहा है तो कहीं अभद्र व्यवहार के साथ उन पर थूका जा रहा है। संक्रमित हो चुके इलाकों के लोग यदि नहीं माने तो उनकी लापरवाही पूरे शहर पर भारी पड़ सकती है।
इन इलाकों में ज्यादा मिल रहे पॉजिटिव मरीज
जन इलाकों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या सामने आ रही है उन्हें कंटेनमेंट घोषित कर रखा है। ये रानीपुरा, नूरानी नगर, तंजीम नगर, खजराना, चंदन नगर, दौलतगंज, टाटपट्टी बाखल, खातीवाला टैंक, दाऊदी नगर, कोयला बाखल, अहिल्या पल्टन, आजाद नगर, एमआर-9 क्षेत्र की कॉलोनी हैं।
चंदन नगर : आइसोलेशन के लिए तैयार नहीं
चंदननगर क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव महिला के मिलने के बाद पुलिसप्रशासन ने आसपास के साठ लोगों को आइसोलेशन के लिए क्वारंटाइन सेंटर चलने के लिए कहा। काफी प्रयास के बाद भी ये लोग क्वारंटाइन सेंटर जाने के लिए तैयार नहीं हुए। घरों में रहने के बजाय पूरे इलाके में घूमते रहे। संक्रमण फैलने की आशंका देखते हुए इसके बाद पुलिस को आधी रात को धावा बोलकर 60 लोगों को क्षेत्र के दो मैरिज गार्डनों में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर भेजना पड़ा।
रानीपुरा : रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल से भाग निकले
जिस रानीपुरा व खजराना क्षेत्र में पॉजिटिव मरीज मिलने की संख्या लगातार बढ़ रही है, दो दिन पहले वहां के तीन मरीज एमआरटीबी अस्पताल से भाग निकले। इनमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें समझा दिया था कि पूरा इलाज हुए बिना बाहर जाना उनके लिए खतरनाक है बल्कि जिनके संपर्क में वे आएंगे वे भी खतरे में आ जाएंगे। लेकिन, दोनों भागने के बाद रानीपुरा व खजराना क्षेत्रों में घंटों घूमते रहे। इसी मरीज के परिवार के पांच लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
एमआरटीबी अस्पताल में भी करते रहे शिकायत
रानीपुरा, चंदननगर, खजराना, तंजीम नगर क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए एमआरटीबी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहां भी ये लोग डॉक्टरों को सहयोग करने के बजाय पूरे समय व्यवस्था ठीक नहीं होने की शिकायत कर रहे है। साथ ही उन्हें घर जाने देने की जिद भी कर रहे। यही हाल असरावद स्थित क्वारंटाइन हॉस्टल का भी है। वहां भी जिन लोगों को आइसोलेट किया गया है वे डॉक्टरों के निर्देश नहीं मान रहे। बिना मास्क और सावधानी के डॉक्टरों के कक्ष और किचन तक घूमने के अलावा झुंड बनाकर कमरों में जमा रहने जैसी शिकायतें उक्त सेंटर से भी प्रशासन को मिल रही हैं।
जिन इलाकों में करोना पॉजिटिव मिल रहे हैं वहां सख्ती बरती जा रही है। जो लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं और टीम के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। –मनीष सिंह, कलेक्टर
उपद्रव, विवाद में शामिल या कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों से अब सख्ती से निपटा जाएगा। डीआईजी व दोनों एसपी को निर्देश दिए हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लें और तुरंत गिरफ्तार करें। – विवेक शर्मा, आईजी, इंदौर
टाटपट्टी बाखल में सर्वे के दौरान पुलिस साथ नहीं थी। जानकारी मिलने पर तुरंत बल भेजा गया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। प्रयास करेंगे कि जब भी ऐसी स्थिति हो पर्याप्त बल मौजूद रहे। – हरिनारायणचारी मिश्र, डीआईजी
कोरोना से बचने के लिए खुद को एक-दूसरे से दूर रखना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के लोग हमारी मदद कर रहे हैं। इनका सहयोग करें। रमजान आने वाला है। हम सब मिलकर इस बीमारी का मुकाबला करेंगे तो रमजान अच्छे से बीतेगा। कुछ लोग गलतफहमी का शिकार हैं। कुछ लोग इस बारे में गलत वीडियो और मैसेज जारी कर रहे हैं। डॉक्टर-नर्स हमें बचाने के लिए 24 घंटे जुटे हैं। –शहरकाजी डॉ. इशरत अली
मैं हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर सबसे अपील करता हूं कि ऐसी जहालत ना दिखाएं। आपकी तीमारदारी और इलाज के लिए आए लोगों के साथ पूरा सहयोग करें। वो आपको सेहतमंद करने आए हैं। उन्हें अपना काम करने दें। इस समय यही आपका खुद के लिए और पूरी कौम के लिए सबसे बड़ा योगदान होगा। कोई ऐसा काम न करें जिससे आपकी तबीयत और बिगड़े। डॉक्टरों पर यकीन करें। – राहत इंदौरी, शायर
