बड़वानी /कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा ने गुरूवार की दोपहर पश्चात् नर्मदा किनारे के ग्राम जामदाबैड़ी पहुंचकर जल जीवन मिशन के कार्यो का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से चर्चाकर उन्हे नल की टोटी नही निकालने एवं नियमित रूप से मासिक शुल्क की राशि भरने की समझाईश दी। जिससे गांव को मिली यह सौगात लंबे समय तक कारगार बनी रहे। इस दौरान उनके साथ पीएचई के कार्यपालन यंत्री श्री एचएस बामनिया सहित संबंधित अधिकारी, निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार भी उपस्थित थे।

      निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम की सड़क पर बहते हुए पानी के कारण उत्पन्न कीचड़ को देखते हुए जब इसका कारण जाना तो ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल लाईन की टोटी को समस्त घर वालों ने निकाल दी है। जिसके कारण घरों से बहने वाला पानी सड़कों पर पहुंच रहा है। इस पर कलेक्टर ने निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार  अजय कानूनगो से जानकारी लेने पर पाया कि ग्राम में 79 परिवारों को कनेक्शन दिये है। जबकि ग्राम में 100 से अधिक परिवार है। इसमें से शेष परिवार ने अपने घरों में अपने खेतों से पाईप लाईन का कनेक्शन ले रखा है। जिसके कारण वे जल मिशन योजना का कनेक्शन नही लेना चाहते। इस पर कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित पीएचई के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि घरों तक प्लास्टिक पाईप से दिये गये कनेक्शन को जीआई पाईप में परिवर्तित करवाया जाये। जिससे टोटी निकालकर रखने की समस्या का समाधान हो सके।

      इस दौरान कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित सरपंच पति  विजय वास्कले से जानकारी लेने पर पाया कि 79 कनेक्शनधारी परिवारों में से कुछ लोग मासिक शुल्क जमा नही कर रहे है। इस पर कलेक्टर ने जल स्वच्छता समिति के माध्यम से इन्हे योजना का महत्व बताने एवं नियमित शुल्क देने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *