बड़वानी। शहर के देवीसिंग रोड़ स्थित मोहम्मदी मदरसा में बालरंग महोत्सव का आयोजन किया गया। 8 दिवसीय इस महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं सम्पन्न कराई जा रही हैं। इसी के तहत 17 अक्टूबर को सर सय्यद अहमद खां के शिक्षा क्षेत्र में योगदान पर निबंध (वाद-विवाद) प्रतियोगिता हुई। जिसमें शहर के अन्य मदरसों के बालक-बालिकाओं ने भी हिस्सा लिया। मदरसा प्रिंसिपल मोहम्मद साजिद शेख ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में मोहम्मदी मदरसा की छात्रा तरन्नुम इदरीस प्रथम, दिलदार खां मदरसा के छात्र मुबीन खान द्वितीय एवं शाही मदरसा की छात्रा नाजीया मुगल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 18 अक्टूबर को नातिया प्रोग्राम के आयोजन में प्रथम नजर मोहम्मद मदरसा के छात्र बहबुद खत्री, द्वितीय बियाबानी मदरसा की छात्रा अजीजा खत्री एवं मोहम्मदी मदरसा के रेहान मंसूरी तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुन्नत मुस्लिम जमाअत व दारूल कजात सदर फरीद मंसूरी, मजहर शेख, जावेद खान, शोएब पटवारी मौजूद थे।
आज होगी कव्वाली प्रतियोगिता –
प्रिंसिपल श्री शेख ने बताया कि महोत्सव के तहत 19 को कव्वाली, 21 को स्वरचित गज़ल/नज़म, 22 को ड्राईंग, 23 को सलाद, 24 मेहंदी एवं 31 अक्टूबर को लोह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के अखंड भारत निर्माण में योगदान पर निबंध (वाद-विवाद) प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस पूरे आयोजन में मदरसा के असदुल्लाह खान, शिक्षिका सायरा खान, सौफीया शेख, नाज परवीन, जेबा खान एवं शाहीन शेख का सहयोग रहा।
